कोलकाता, 11 सितंबर।
पश्चिम बंगाल में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीर जलाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कांग्रेसी नेता को धर दबोचा है।
दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस के महासचिव अतनु दास को भवानीपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार तड़के उनके टॉलीगंज स्थित आवास से गिरफ्तार किया।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हाल ही में कोलकाता दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने दुर्गापूजा में मांसाहारी भोजन को लेकर एक बयान दिया था जिसके बाद राज्य में विवाद छिड़ गया।
उनके इस बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भवानीपुर थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान अतनु दास के नेतृत्व में शास्त्री की तस्वीर भी जलाई गई थी।
इस घटना के बाद राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई। विधानसभा के भीतर इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और पुलिस कमिश्नर को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक चेतावनी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और बीती रात ही आरोपी नेता के घर पर दबिश दी गई। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले आई और अदालत में पेश करने की तैयारी है।
इस गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस खेमे में भारी आक्रोश है। प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए विरोध प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है।















