नई दिल्ली, 11 सितम्बर।
रेलवे सुरक्षा बल की दिल्ली मंडल टीम ने यात्रियों के सामान की चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान 55 आपराधिक मामलों में वांछित एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
उत्तर रेलवे के अनुसार, आठ सितंबर को यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए गठित टीम अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सब्जी मंडी स्टेशन के पास बिरला साइडिंग क्षेत्र में रेलवे लाइनों पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान 23 वर्षीय सौरभ उर्फ बंटी, निवासी करोल बाग स्थित महाराणा प्रताप कार मार्केट, दिल्ली के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उसके पास से आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल मिला। इसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने यह मोबाइल कीर्ति नगर क्षेत्र से चोरी किया था। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने कीर्ति नगर थाना पुलिस को सूचना दी और आरोपित के साथ बरामद मोबाइल फोन को सीलबंद हालत में संबंधित जांच अधिकारी को सौंप दिया।
आरोपित के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में 55 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई। इनमें चोरी, झपटमारी, चोरी की संपत्ति रखने, लूट, शस्त्र अधिनियम तथा भारतीय दंड संहिता और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से रेलवे स्टेशनों, परिसर और आसपास सक्रिय अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाओं को कम करने में भी प्रभावी परिणाम मिलने की उम्मीद है।















