भागलपुर, 11 सितंबर।
बिहार के भागलपुर जिले में अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी है। बदमाशों ने उनके सिर में बेहद करीब से गोली मारी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में शव को मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक नेता पार्टी के बेहद निष्ठावान और पुराने कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे जो संगठन को मजबूत करने में जुटे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक रोहित पांडे और कई वरिष्ठ पदाधिकारी भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल पहुंचे और इस जघन्य हत्याकांड की कड़ी निंदा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
प्रारंभिक जांच में स्थानीय लोगों के नाम सामने आ रहे हैं और पुलिस चंदा वसूलने के विवाद समेत तमाम पहलुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।















