नई दिल्ली, 18 सितंबर।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रोहन जेटली ने भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई ‘फ्रेंडशिप कप’ टी-20 श्रृंखला के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताई है।
उन्होंने तीन मैचों की श्रृंखला में भारत की 3-0 से जीत पर टीम को बधाई दी। जेटली ने कहा कि यह श्रृंखला क्रिकेट के शानदार उत्सव के साथ दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को भी दर्शाने वाली रही।
जेटली ने बताया कि अरुण जेटली स्टेडियम में तीनों मुकाबलों के दौरान 85 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी रही। अफगानिस्तान से भी हजारों प्रशंसक मैच देखने के लिए दिल्ली पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पूरी श्रृंखला के दौरान स्टेडियम में दिखाई दिया उत्साह दिल्ली के लोगों के क्रिकेट प्रेम को दर्शाता है।
जेटली के अनुसार, अफगानिस्तान का भारत के खिलाफ अपनी घरेलू श्रृंखला दिल्ली में खेलना दोनों देशों के मजबूत संबंधों का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि खेल लोगों को करीब लाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पड़ोसी देशों के साथ मजबूत संबंधों के दृष्टिकोण के अनुरूप भी बताया।
डीडीसीए अध्यक्ष ने इस श्रृंखला के आयोजन में सहयोग के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह के प्रयासों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से श्रृंखला आयोजित हो सकी और दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इस यादगार आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर मिला।
जेटली ने कहा कि डीडीसीए और दिल्ली को भारत तथा अफगानिस्तान के बीच तीन रोमांचक मुकाबलों की मेजबानी में अपनी भूमिका निभाने पर गर्व है।
उन्होंने कहा कि श्रृंखला के माध्यम से क्रिकेट प्रशंसकों को दोनों टीमों के बीच शानदार और उच्च स्तर का क्रिकेट देखने का अवसर मिला।













