नई दिल्ली, 19 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जापान के आइची-नागोया में शुरू हुए एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पूरे देश को उन पर गर्व है और वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी ने कड़ी मेहनत के साथ लगन और दृढ़ संकल्प दिखाया है। उन्होंने भारतीय दल से अपना सर्वश्रेष्ठ देने और शानदार सफलता हासिल करने का आह्वान किया।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी भारतीय दल का हौसला बढ़ाया। उन्होंने एक्स पर कहा कि एशियन गेम्स 2026 के लिए मंच तैयार है और टीम इंडिया पूरी ऊर्जा के साथ प्रतियोगिता में उतरने को तैयार है।
एशियन गेम्स 2026 का शनिवार को आधिकारिक आगाज हुआ। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए। भारतीय दल ने भी समारोह में उत्साह के साथ मार्च किया।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय दल की अगुआई करते नजर आए। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों ने जोश के साथ मार्च किया।
एशियन गेम्स 2026 में भारत के 500 से अधिक खिलाड़ी 36 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। पिछले एशियन गेम्स में भारत ने 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे।













