नई दिल्ली, 21 सितंबर।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने अपने अभियान का धमाकेदार आगाज किया है। सोमवार को खेले गए अपने पहले मुकाबले में भारत ने जापान को 49-24 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। हालांकि मैच की शुरुआत में जापान ने बोनस अंक के साथ खाता खोला, लेकिन अयन लोचहब ने तुरंत टच पॉइंट हासिल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद आशू के शानदार तीन-पिंट रेड और भारतीय रक्षा पंक्ति के दमदार प्रदर्शन की बदौलत जापान को पहली ऑल-आउट का सामना करना पड़ा और भारत ने 11-2 की मजबूत बढ़त बना ली।
मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत रखते हुए भारतीय टीम ने जल्द ही दूसरा ऑल-आउट करते हुए स्कोर 18-2 कर दिया। हाफ-टाइम तक भारत 31-9 की भारी-भरकम बढ़त के साथ बेहद आरामदायक स्थिति में पहुंच चुका था, जहाँ आक्रामक खेल में आशू और देवांक ने तथा रक्षात्मक मोर्चे पर सुनील कुमार और राहुल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। विश्राम के बाद भी भारतीय खेमे का दबदबा कायम रहा और कप्तान पवन सहरावत, अर्जुन देशवाल तथा असलम इनामदार ने भी रेडिंग में मोर्चा संभाल लिया। हालाँकि दूसरे हाफ में जापानी खिलाड़ियों ने बेहतर जुझारू तेवर दिखाते हुए 20 से अधिक अंक बटोरे, लेकिन भारतीय टीम ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण रखते हुए 49-24 से आसान जीत दर्ज की।
इसके अलावा अन्य खेलों में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। निशानेबाजी में हिमांशु ने रजत और रुद्रांश पाटिल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने महिलाओं की 60 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक जीता, जबकि मुक्केबाजी में सुमित ने थाईलैंड के खिलाड़ी को हराकर राउंड ऑफ 32 में प्रवेश किया। सॉफ्ट टेनिस, तैराकी, टेबल टेनिस और अन्य स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, हालांकि सेपकटकराव में पुरुष टीम को हार का सामना करना पड़ा।













