गिफू, 21 सितंबर।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपनी आक्रामक फॉर्म का जलवा बरकरार रखते हुए पूल बी के एक अन्य मुकाबले में इंडोनेशिया को 17-1 के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी है। गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए इस एकतरफा मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला, जहां दीपिका, रुतुजा पिसाल और नवनीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच में हैट्रिक दागी।
मुख्य कोच सजोर्ड मारिजने के मार्गदर्शन में खेल रही भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। दीपिका ने मैच के आठवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला, जिसके बाद लगातार गोलों की झड़ी लग गई। सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने दो-दो गोल दागे, जबकि कप्तान सलीमा टेटे और इशिका ने भी स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया। इंडोनेशिया के लिए एकमात्र गोल इनेस अडितिया ने किया। उज्बेकिस्तान के खिलाफ 19-0 की ऐतिहासिक जीत के बाद यह भारत की लगातार दूसरी बड़ी सफलता है, जिससे टीम पूल बी में 6 अंकों और +35 के बेहतरीन गोल अंतर के साथ शीर्ष पर काबिज हो गई है। भारत का अगला मुकाबला आगामी बुधवार को थाईलैंड के खिलाफ होगा।













