मुंबई, 22 सितंबर।
अभिनेत्री कैटरीना कैफ हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर अपने वजन और शरीर में आए बदलावों को लेकर नकारात्मक टिप्पणियों का सामना कर रही हैं। पिछले नवंबर में बेटे को जन्म देने के बाद उनके शरीर में हुए बदलावों पर की जा रही टिप्पणियों को लेकर अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने कैटरीना का समर्थन किया है।
परिणीति ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के शरीर को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए इन्हें नासमझी भरा और अजीब बताया। उन्होंने कहा कि बच्चे को जन्म देने के बाद महिलाओं के शरीर में बदलाव होना स्वाभाविक प्रक्रिया है। इसे किसी कमी या आलोचना का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
अभिनेत्री ने कहा कि मां बनना अपने आप में शारीरिक ताकत का अनुभव है। ऐसे समय में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और समझदारी दिखाने की जरूरत होती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी महिला के शरीर या निजी जीवन को लेकर टिप्पणी करने से बचने की भी बात कही।
कैटरीना को लेकर सामने आई टिप्पणियों के बीच सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अभिनेत्री का समर्थन किया है। लोगों ने कहा कि महिलाओं के शरीर और निजी जीवन पर टिप्पणी करने के बजाय उनके प्रति सम्मान और सहानुभूति रखनी चाहिए।
परिणीति ने यह भी कहा कि वह सोशल मीडिया की नकारात्मकता को नजरअंदाज कर अपनी जिंदगी और काम पर ध्यान देना पसंद करती हैं। कैटरीना कैफ ने इस मामले पर अब तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।












