काठमांडू, 29 सितंबर।
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की 81वीं महासभा के दौरान मंगलवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने महासभा के दौरान अलग से बैठक कर आपसी संबंधों पर चर्चा की।
नेपाल के विदेश मंत्री के सचिवालय के अनुसार, बैठक में दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान नेपाल में हाल में आई विनाशकारी जलवायुजनित आपदा का मुद्दा भी सामने आया।
विदेश मंत्री खनाल ने आपदा से प्रभावित नेपाली समुदायों के प्रति श्रीलंका की सहानुभूति और एकजुटता के लिए आभार जताया। उन्होंने आर्थिक और मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए श्रीलंका सरकार और वहां के लोगों को धन्यवाद दिया।
बैठक में नेपाल और श्रीलंका के मैत्रीपूर्ण तथा सहयोगात्मक संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों पक्षों ने मौजूदा द्विपक्षीय तंत्रों की बैठकें आयोजित करने की जरूरत पर जोर दिया।
दोनों विदेश मंत्रियों ने व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही संपर्क सञ्जाल और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने सहित आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में सहयोग के विस्तार पर भी चर्चा हुई।














