मॉस्को, 29 सितंबर।
रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्टिन ने मंगलवार को बताया कि 2026 की पहली छमाही में देश में करीब 37,000 नई आईटी कंपनियां शुरू हुईं। उन्होंने दूसरे मॉस्को स्टार्टअप समिट में वीडियो संबोधन के दौरान कहा कि तकनीकी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे उपायों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उनके अनुसार इस साल के शुरुआती छह महीनों में लगभग 37,000 नई आईटी कंपनियों की शुरुआत हुई।
मॉस्को में मंगलवार से टेक उद्यमियों का दो दिवसीय सम्मेलन शुरू हुआ। मिशुस्टिन ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य तकनीक के व्यावहारिक इस्तेमाल के नए क्षेत्रों की पहचान करना और ऐसे उत्पादों को बढ़ावा देना है, जो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद कर सकें। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय नई तकनीकी क्रांति के दौर से गुजर रही है। प्रधानमंत्री के अनुसार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रूस के लोगों के जीवन में बदलाव ला रहा है और आने वाले समय में यह बिजली या इंटरनेट की तरह आवश्यक हो सकता है।














