वाशिंगटन, 29 सितंबर।
अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने 2026 के मध्यावधि चुनावों को विदेशी हस्तक्षेप से बचाने के लिए सैन्य खुफिया और साइबर क्षमताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। अमेरिकी रक्षा विभाग के अनुसार, उन्होंने एक ज्ञापन के जरिए डिफेंस इंटेलिजेंस एंटरप्राइज को चुनावी ढांचे को विदेशी खतरों से सुरक्षित रखने के लिए उपलब्ध अधिकृत संसाधनों, क्षमताओं और साझेदारियों का इस्तेमाल करने को कहा है। अमेरिकी साइबर कमांड और संबंधित खुफिया एजेंसियों को विदेशी हस्तक्षेप की पहचान करने और उसका मुकाबला करने के लिए अपनी क्षमताओं के उपयोग को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है।
निर्देश के तहत चुनावी ढांचे से जुड़े खतरों की जानकारी जुटाने और उसका विश्लेषण तेज करने तथा साइबर कमांड को होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के साथ समन्वय करने को कहा गया है। अमेरिका में 2026 के मध्यावधि चुनाव नवंबर में होंगे और इनमें प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों तथा सीनेट की एक-तिहाई सीटों के लिए चुनाव होना है।














