क्वेटा (बलोचिस्तान), 30 सितंबर।
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के नसीराबाद जिले में एक शैक्षणिक संस्थान की निर्माणाधीन इमारत को विस्फोट कर उड़ा दिया गया। इसके अलावा कच्छी इलाके में सेना के दो वाहनों को निशाना बनाकर किए गए हमले में पांच जवानों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। बलोचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने कलात और खुजदार के मुख्य राजमार्ग पर अपने लड़ाकों का नियंत्रण कायम रहने का दावा किया है।
नुटल थाना क्षेत्र में बलोचिस्तान रेजिडेंशियल कॉलेज की निर्माणाधीन इमारत को अज्ञात हथियारबंद लोगों ने बम विस्फोट से निशाना बनाया। विस्फोट के समय इमारत के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यह भवन वर्ष 2018 से निर्माणाधीन था। धमाके की सूचना मिलते ही पाकिस्तानी सेना और पुलिस मौके पर पहुंची तथा पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
इस बीच बलोच रिपब्लिकन गार्ड्स के प्रवक्ता डस्टिन बलोच ने बताया कि मंगलवार सुबह कच्छी के छेत्री इलाके में धादर और सनी रोड पर सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया गया। उनके अनुसार, हमले में पांच जवानों की मौके पर मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए।
बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर घोरम बलूच ने दावा किया कि 28 और 29 सितंबर की रात करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन की महिला कमांडरों ने क्वेटा-कराची राजमार्ग पर कलात के दश्त गोरान इलाके में रात 12 बजे नाकाबंदी की। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी ली गई और शाम पांच बजे नाकाबंदी हटा दी गई।
बीएलएफ के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान पाकिस्तानी सेना की ओर से कोई विरोध नहीं किया गया। संगठन ने दावा किया है कि कलात और खुजदार में मुख्य राजमार्ग पर उसके लड़ाकों का नियंत्रण अब भी कायम है और पाकिस्तानी सेना सीधे मुकाबले से बच रही है।














