ढाका (बांग्लादेश), 30 सितंबर।
बांग्लादेश सरकार ने आगामी दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। संबंधित मंत्रालयों, प्रशासन और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को त्योहार को शांतिपूर्ण, उत्साहपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने, अफवाहों पर रोक लगाने और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में निष्पक्ष जांच के बाद तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
धार्मिक मामलों के मंत्रालय में मंगलवार सुबह हुई अंतर-मंत्रालयी तैयारी बैठक में इन दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता धार्मिक मामलों के राज्यमंत्री मोहम्मद शमीम कैसर ने की। उन्होंने कहा कि सरकार हिंदू समुदाय के प्रमुख धार्मिक त्योहार दुर्गा पूजा के लिए सुरक्षित और उत्साहपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूजा कल्याण ट्रस्ट के माध्यम से देशभर के पूजा पंडालों को प्रधानमंत्री कार्यालय से आवंटित अनुदान का उचित वितरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
पूजा पंडालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मूर्ति विसर्जन के दौरान भी उचित प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। सामाजिक और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने के लिए अजान और प्रार्थना के समय जरूरी शांति बनाए रखने की पुरानी परंपरा जारी रखने का आह्वान किया गया है।
राज्यमंत्री ने लोगों से दूसरे धर्मों के देवी-देवताओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणी से बचने की अपील की। अधिकारियों को सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पुरानी या संपादित तस्वीरों और वीडियो की तत्काल पुष्टि करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में विभिन्न मंत्रालयों और एजेंसियों, खुफिया एजेंसियों तथा हिंदू-बौद्ध-ईसाई कल्याण मोर्चा, कल्याण ट्रस्टों और पूजा उत्सव परिषद के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।














