नई दिल्ली, 1 अक्टूबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने उनके सार्वजनिक जीवन, देशसेवा, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और सादगी का उल्लेख करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में लंबे कार्यकाल के दौरान रामनाथ कोविंद भारत के विकास, संविधान में निहित मूल्यों और जनकल्याण के प्रति लगातार प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने पूरे उत्साह और सादगी के साथ देश की सेवा की, जिसके कारण समाज के सभी वर्गों में उनके प्रति सम्मान है। प्रधानमंत्री ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सादगी, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक सरोकारों के कारण रामनाथ कोविंद ने अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने उनके जीवन को सेवा और समर्पण की दिशा दिखाने वाला बताया और दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य तथा सुख-शांति की कामना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रामनाथ कोविंद के समाज और राष्ट्र की सेवा में लंबे योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विषयों पर उनका अध्ययन और विचार प्रभाव डालते हैं। सार्वजनिक जीवन में उनका अनुभव और सादगी भी विशेष रूप से उल्लेखनीय है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि सामान्य परिवार से देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की रामनाथ कोविंद की यात्रा प्रेरणादायक है। उन्होंने वंचितों के कल्याण और संवैधानिक दायित्वों के प्रति उनके समर्पण का उल्लेख करते हुए स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रामनाथ कोविंद के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भी रामनाथ कोविंद के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रामनाथ कोविंद का योगदान और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है।














