नई दिल्ली, 1 अक्टूबर।
फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान में हुई घटना के दौरान असाधारण साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की भारत, इजराइल, अमेरिका और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सराहना की है। सभी ने सोशल मीडिया पर उनके साहस को सलाम करते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की। घटना के बाद कैप्टन मछार बहादुरी के लिए चर्चा में हैं।
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में कैप्टन मछार ने असाधारण हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। उनके अनुसार, उनकी कार्रवाई से सैकड़ों यात्रियों की जान बची और बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने कैप्टन के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनकी बहादुरी को सलाम किया।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन मछार की बहादुरी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी कैप्टन ने हमलावर का सामना किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा चालक दल को हमलावर पर काबू पाने में मदद की। नेतन्याहू के अनुसार, इससे विमान में बड़ी दुर्घटना टल गई और 174 लोगों की जान बची।
भारत में इजराइल के राजदूत रूवेन अजार ने कैप्टन मछार की सलामती के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन के साथ अन्य इजराइली और अमीराती यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों की हिम्मत से 180 लोगों की जान बची।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारतीय पायलट की बहादुरी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कैप्टन मछार की हालत बेहद खराब थी, इसके बावजूद उन्होंने विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने में मदद की। ट्रंप ने बुधवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्हें घटना की जानकारी इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिली थी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने भी कैप्टन मछार के साहस को सलाम किया। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने अपनी ड्यूटी से आगे बढ़कर 170 से अधिक लोगों की जान बचाने में मदद की। आंबेकर ने उनकी बहादुरी और समय पर की गई कार्रवाई पर गर्व जताते हुए जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।














