लाहौर, 1 अक्टूबर।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने लाहौर में 10 दिवसीय बसंत उत्सव आयोजित करने को मंजूरी दी है। यह आयोजन अगले साल 29 जनवरी से 7 फरवरी तक राजधानी लाहौर में होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पंजाब की ऐतिहासिक सांस्कृतिक परंपरा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को उत्सव के दौरान नागरिकों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
पंजाब की सूचनामंत्री अज़मा बुखारी ने बुधवार को इस आयोजन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कश्मीर दिवस के कारण 5 फरवरी को बसंत उत्सव एक दिन के लिए स्थगित रहेगा। इससे पहले मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने 18 साल के अंतराल के बाद लाहौर में 12 से 14 मार्च, 2027 तक तीन दिवसीय बसंत उत्सव आयोजित करने की घोषणा की थी।
उन्होंने कहा था कि इस आयोजन के दौरान लाहौर फिर रंग, संस्कृति, उत्सव, संगीत, ऊर्जा और मेहमाननवाजी से भर उठेगा। पंजाब सरकार की ओर से पतंग उड़ाने पर लगी रोक हटाए जाने के बाद लाहौर में पिछली फरवरी में दो दशक से अधिक समय के बाद पहला बसंत उत्सव आयोजित किया गया था।
सख्त नियमों के तहत हुए तीन दिवसीय आयोजन से प्रांतीय राजधानी में उत्सव का माहौल बना था। सड़कों और गलियों को सजाया गया था। सरकार ने इस दौरान मुफ्त परिवहन सेवा की भी घोषणा की थी। वरिष्ठ प्रांतीय मंत्री मरियम औरंगजेब ने आयोजन को लाहौर और पाकिस्तान की जीत बताया था और अगले साल इससे भी शानदार बसंत मनाने की बात कही थी।














