नई दिल्ली, 1 अक्टूबर।
देश में त्योहारी मौसम शुरू होने से ठीक पहले तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अलग-अलग राज्यों में इसकी कीमत 62.50 रुपये से 75 रुपये तक बढ़ी है। घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई कीमतों के अनुसार पटना में व्यावसायिक सिलेंडर सबसे अधिक 71.50 रुपये महंगा हुआ है। दिल्ली में इसकी कीमत 62.50 रुपये बढ़ी है। इस बढ़ोतरी का असर रेस्टोरेंट, ढाबे और खानपान सेवाएं चलाने वाले व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। इससे उनकी सेवाओं की लागत भी बढ़ सकती है।
दिल्ली में 19 किलोग्राम का व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर 62.50 रुपये महंगा होकर 2,747.50 रुपये से बढ़कर 2,810 रुपये का हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 63.54 रुपये बढ़कर 2,764.54 रुपये हो गई है।
कोलकाता में सिलेंडर 70 रुपये महंगा होकर 2,954 रुपये का हो गया है। चेन्नई में 66.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,983 रुपये हो गई है। पटना में 71.50 रुपये की वृद्धि के बाद 19 किलोग्राम का सिलेंडर 3,029 रुपये से बढ़कर 3,100.50 रुपये का हो गया है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में व्यावसायिक सिलेंडर 62.50 रुपये महंगा होकर 2,932.50 रुपये का हो गया है। अहमदाबाद में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,831.50 रुपये हो गई है।
लेह में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर 3,385.50 रुपये से बढ़कर 3,450 रुपये का हो गया है। कन्याकुमारी में इसकी नई कीमत 3,046 रुपये है। अरुणाचल प्रदेश के तवांग में 19 किलोग्राम का सिलेंडर बढ़कर 3,073.50 रुपये का हो गया है।














