क्वेटा, 03 अक्टूबर।
बलूचिस्तान में दो बलोच सशस्त्र गुटों ने बिजली के बुनियादी ढांचे और पाकिस्तानी सेना के काफिलों को निशाना बनाने का दावा किया है। बलोच रिपब्लिकन गार्ड्स ने सिबी के कटपार इलाके में बिजली की मुख्य ट्रांसमिशन लाइन के दो टावरों को विस्फोटकों से उड़ाने और दो अन्य टावरों को क्षतिग्रस्त करने की बात कही है। संगठन ने कच्छी जिले के सन्नी के पास पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमले का भी दावा किया, जिसमें एक वाहन को भारी और स्वचालित हथियारों से निशाना बनाने की बात कही गई है। संगठन ने इस हमले में कई सैनिकों के मारे जाने या घायल होने का दावा किया, लेकिन संख्या नहीं बताई। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच, यूनाइटेड बलोच आर्मी ने भी कच्छी के सन्नी चिघार्डी इलाके में सेना के तीन वाहनों वाले काफिले पर हमला करने का दावा किया। संगठन के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे हुए इस हमले में चार सैनिक मारे गए और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। संगठन ने दावा किया कि काफिला क्षेत्र में चलाए जा रहे सैन्य अभियान का हिस्सा था और दोनों पक्षों के बीच करीब 90 मिनट तक मुठभेड़ हुई, जिसके बाद उसके लड़ाके वहां से हट गए। दोनों सशस्त्र गुट बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग करते हैं और अपने अभियान जारी रखने की बात कहते रहे हैं। इन सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।














