अल मुखा (यमन), 05 अक्टूबर।
लाल सागर और अदन की खाड़ी के बीच वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर फिर चिंता बढ़ गई है। अल मुखा से करीब 60 नॉटिकल मील दक्षिण में एक तेल टैंकर के बेहद करीब कई जोरदार धमाके हुए। घटना की सूचना जहाज के कंपनी सुरक्षा अधिकारी ने दी। धमाकों के कारण और इनके पीछे कौन था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घटना को संदिग्ध गतिविधि माना गया है। राहत की बात यह है कि टैंकर का पूरा चालक दल सुरक्षित है और समुद्री पर्यावरण को किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल तेल रिसाव या किसी अन्य पर्यावरणीय प्रभाव की भी जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की जांच शुरू कर दी गई है और अभी यह पता नहीं चला है कि धमाके सैन्य गतिविधि, मिसाइल या ड्रोन हमले अथवा किसी अन्य वजह से हुए। इसलिए फिलहाल इसे किसी विशेष देश या संगठन से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है। समुद्री सुरक्षा अधिकारियों ने इस मार्ग से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। जहाजों के कप्तानों और शिपिंग कंपनियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने को कहा गया है। यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के करीब है, जो लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है। हाल के दिनों में यहां क्षेत्रीय तनाव और सैन्य गतिविधियां बढ़ी हैं।














