तेहरान, 05 अक्टूबर।
ईरान ने अपने क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बिना अनुमति संचालित किए जा रहे स्टारलिंक उपग्रह इंटरनेट संचालन को लेकर नॉर्वे के राजदूत पाल ब्योर्नस्टैड को तलब किया है। ईरान ने आरोप लगाया कि स्टारलिंक सेवाओं को लेकर नॉर्वे की ओर से लगातार कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ईरानी विदेश मंत्रालय के महानिदेशक मोहम्मद हसननेजाद पिरकूही ने रविवार को राजदूत को बुलाकर इस मामले में आधिकारिक विरोध पत्र सौंपा। उन्होंने अमेरिका और इजराइल पर आरोप लगाया कि वे ईरान के खिलाफ हस्तक्षेप के उद्देश्य से स्टारलिंक का सुनियोजित इस्तेमाल कर रहे हैं। स्टारलिंक अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की सेवा है।
पिरकूही ने कहा कि स्टारलिंक सेवाओं के लिए संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ में पंजीकरण कराने वाले देश के रूप में नॉर्वे पर अपनी कानूनी जिम्मेदारियां निभाने का दायित्व है। उन्होंने कहा कि नॉर्वे सरकार को ईरानी क्षेत्र में बिना अनुमति होने वाले स्टारलिंक प्रसारण को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए। ईरान का आरोप है कि नॉर्वे ने इस संबंध में उसकी मांगों को नजरअंदाज किया है। पिरकूही के मुताबिक, इससे ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय संप्रभुता के लिए खतरा बढ़ गया है।














