भोपाल, 06 अक्टूबर।
अवधपुरी क्षेत्र में मंगलवार को नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा ने कार्रवाई करते हुए दो अवैध फिनाइल फैक्ट्रियों को सील कर दिया। नगर निगम के अनुसार दोनों इकाइयां करीब चार वर्ष से संचालित थीं। मौके पर जांच के दौरान बड़ी मात्रा में रसायन, ड्रम और फिनाइल से भरी छोटी-बड़ी बोतलें मिलीं।
दोनों इकाइयां न्यू भारत ट्रेडर्स के नाम से चल रही थीं। निगम ने पहले संचालक को नोटिस देकर आवश्यक दस्तावेज तथा भवन निर्माण और उपयोग से संबंधित अनुमति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब और जरूरी अनुमति नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।
निगम की टीम जब परिसर में पहुंची तो वहां बड़ी मात्रा में रसायन संग्रहित मिला। ड्रमों के साथ अलग-अलग आकार की बोतलों में फिनाइल भरा था। अधिकारियों के अनुसार इतनी मात्रा में रसायन का भंडारण आग के खतरे को बढ़ा सकता था, इसलिए नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नगर निगम ने बताया कि दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने और गतिविधियां जारी रखने पर दोनों फैक्ट्रियों का संचालन बंद कराया गया। इसके बाद परिसरों को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 303(1) और लागू भवन निर्माण नियमों के तहत की गई है।














