भोपाल, 6 अक्टूबर।
भोपाल नगर निगम ने मंगलवार को शहर के कई इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर अस्थायी झुग्गियां, अवैध चबूतरे, निर्माण सामग्री, बाधक वाहन और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया। कार्रवाई के दौरान ठेले, गुमठी समेत कई सामान जब्त किए गए और तीन संपत्तियों को सील किया गया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दलों ने कोलार सनखेड़ी, कटारा अटलांस, होशंगाबाद रोड, समरधा, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, एमपी नगर जोन-2, 1100 क्वार्टर, शाहपुरा, बिट्टन मार्केट, लिंक रोड, नेहरू नगर, भदभदा, नीलबड़, टीटी नगर, पीरगेट, रॉयल मार्केट, हमीदिया रोड, अशोका गार्डन, अयोध्या बायपास और बागसेवनिया सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।
1100 क्वार्टर में बांस-बल्ली से बनाई गई अस्थायी झुग्गी हटाई गई। इब्राहिमगंज में 10 घरों के सामने नाली पर बनाए गए अवैध चबूतरों को तोड़ा गया। पीरगेट से सीमेंट का बड़ा पाइप हटाया गया। अशोका गार्डन और बरखेड़ा पठानी में भवन निर्माण सामग्री और बांस-बल्ली हटाई गई।
कोलार सनखेड़ी में रास्ते में बाधा बन रहे पांच चार पहिया वाहन हटाए गए। शैतान सिंह चौराहे से चार दोपहिया वाहन और गिन्नौरी से 15 चार पहिया वाहन हटाए गए। बागसेवनिया के कृष्णा आर्केड से एक फूड वेन भी हटाई गई।
कार्रवाई के दौरान तीन ठेले, एक गुमठी, एक टेबल, जूते का एक स्टैंड, आठ फाइबर स्टूल और एक ओमनी वैन जब्त की गई। फुटपाथ और दुकानों के बाहर किए गए विभिन्न अतिक्रमण भी हटाए गए।
भवन अनुज्ञा शाखा की कार्रवाई में निगम अमले ने सहयोग किया। अवधपुरी में एक फैक्ट्री समेत तीन संपत्तियों को सील किया गया। निगम ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।














