भोपाल, 07 अक्टूबर।
नागरिक केंद्रित शासन प्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील तथा पारदर्शी बनाने की दिशा में बुधवार को कर्मयोगी भारत द्वारा 'सेवा भाव' विषय पर एक विशेष ऑनलाइन सत्र का आयोजन किया जा रहा है, जिसका संचालन नीति आयोग के सदस्य डॉ. आर. बालासुब्रमण्यम द्वारा किया जा रहा है। जनसम्पर्क अधिकारी राजेश बैन ने जानकारी दी कि इस सत्र का मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवकों में जवाबदेही, सहानुभूति और नागरिक केंद्रित दृष्टिकोण को मजबूत करना तथा लोक सेवा प्रदाय में 'सेवा भाव' की भावना को गहराई से आत्मसात करना है। सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी प्रमुख सचिवों, संभागायुक्तों और जिला कलेक्टर्स को निर्देश जारी कर अधीनस्थ अमले को इस महत्वपूर्ण सत्र से जुड़ने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया है।
प्रातः 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलने वाले इस विशेष ऑनलाइन सत्र का सीधा प्रसारण 'आईगोट कर्मयोगी' प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे केंद्र और राज्यों के सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी आसानी से जुड़ सकते हैं। इस सत्र में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले सभी उपयोगकर्ताओं को 'सर्विस ओरिएंटेशन' कॉम्पीटेंसी के अंतर्गत विशेष क्रेडिट भी प्रदान किए जाएंगे। मिशन कर्मयोगी का मुख्य उद्देश्य ऐसी पेशेवर और उत्तरदायी सिविल सेवा का निर्माण करना है जो शासन के हर स्तर पर नागरिकों को सर्वोपरि रखे, और इस दिशा में यह ऑनलाइन सत्र शासकीय कार्य-संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करने में बेहद मददगार साबित होगा।














