भोपाल, 7 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के स्तर पर बड़े फेरबदल की तैयारी के संकेत मिल रहे हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सरकार आने वाले दिनों में करीब 20 से 25 आईएएस और 25 से 30 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर सकती है। इसमें कलेक्टर और एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव की संभावना है।
राजधानी भोपाल में भी आयुक्त और सचिव स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दिए जाने की चर्चा है। प्रशासनिक फेरबदल को लेकर सरकारी और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। कानून-व्यवस्था की समीक्षा के बाद सरकार के स्तर पर अधिकारियों के कामकाज को लेकर मंथन जारी है।
इसी बीच पांढुर्णा के एसपी प्रकाश सिंह परिहार को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर भेजा गया है। यह आदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पांढुर्णा दौरे के दो दिन बाद जारी हुआ।
पांढुर्णा की नई एसपी विदिता धनखड़ को बनाया गया है। वहीं, 13वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल ग्वालियर की सेनानी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को दूसरी वाहिनी ग्वालियर के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।














