इंदौर, 06 अक्टूबर।
मास्टर प्लान के तहत भूरी टेकरी से नायता मुंडला आरटीओ तक बन रही आरई-2 सड़क के रास्ते में आ रहे निर्माण हटाने की कार्रवाई जारी है। मंगलवार को कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ में सड़क निर्माण में बाधक 58 अवैध कच्चे झोपड़े हटाए।
एसडीएम घनश्याम धनगर के अनुसार सड़क की लंबाई 4.25 किलोमीटर और निर्धारित चौड़ाई 45 मीटर है। करीब 3.20 किलोमीटर निर्माण पूरा हो चुका है। सीमांकन के बाद नगर निगम, ग्राम निवेश विभाग और कलेक्टर कार्यालय की संयुक्त टीम की निगरानी में शेष काम चल रहा है।
आरई-2 के निर्माण में सात बस्तियां बाधक हैं। इनमें शांति नगर, पंचमुखी हनुमान मंदिर नायता रोड, स्कंदधाम कॉलोनी और आरटीओ कार्यालय के पास की बस्ती के परिवारों का प्रधानमंत्री आवास योजना के नीलगिरि परिसर में व्यवस्थापन हो चुका है।
पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ में पहले 325 परिवारों का व्यवस्थापन किया गया था। 303 परिवार आवासीय प्रकोष्ठों में रह रहे हैं। न्यायालयीन स्थगन के कारण बचे 22 मकानों के परिवारों को अब आवास आवंटित कर 15 दिन का नोटिस दिया गया है।
शेष शिव नगर और शिव दर्शन नगर में सड़क के बाधक निर्माण बुधवार को हटाए जाएंगे। शिव नगर में 80 मकानों में 117 और शिव दर्शन नगर में 55 मकानों में 72 परिवार रहते हैं, जिनका भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत व्यवस्थापन किया जाना है।














