भोपाल, 24 अप्रैल।
श्यामला हिल्स क्षेत्र में स्थित अंसल अपार्टमेंट परिसर में पिछले 15 दिनों के दौरान कथित रूप से जहरीला भोजन दिए जाने से 30 से अधिक आवारा कुत्तों की मौत होने की घटना सामने आई है, जिससे पशु प्रेमियों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला वीआईपी क्षेत्र श्यामला हिल्स के अंतर्गत आने वाले इस अपार्टमेंट परिसर का है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में आवारा कुत्तों को जहरीला भोजन दिए जाने के बाद उनकी लगातार मौतें होती रहीं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि इस घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों और पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश जताते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इसी अपार्टमेंट परिसर में फरवरी 2026 में भी इसी तरह की एक घटना हुई थी, जिसमें लगभग एक दर्जन कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया था, जिससे अब दोबारा हुई इस घटना ने गंभीर चिंता बढ़ा दी है।










