नई दिल्ली, 16 मई।
देशभर के जिलों में बेहतर प्रशासन और सुशासन के आधार पर फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट द्वारा तैयार ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी–2026’ सर्वेक्षण के प्रारंभिक परिणाम जारी किए गए हैं, जिसमें लगभग 100 जिलाधिकारियों को स्थान दिया गया है।
यह सूची देश के लगभग 800 जिलों में कार्यरत अधिकारियों के कार्यों के विस्तृत मूल्यांकन के बाद तैयार की गई है, जिसमें विकास कार्यों, नवाचार, संकट प्रबंधन और जनसेवा जैसे मानकों को प्रमुख आधार बनाया गया है।
सर्वेक्षण के लिए विशेषज्ञों की राय, जमीनी रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण और जनप्रतिक्रिया को शामिल किया गया है, जिसके आधार पर अधिकारियों का चयन किया गया है।
मूल्यांकन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी सुशासन, त्वरित निर्णय क्षमता, संवेदनशीलता, जवाबदेही, जनसंवाद और विकासोन्मुख दृष्टिकोण सहित दस प्रमुख मानकों को शामिल किया गया है।
प्रारंभिक सूची में आंध्र प्रदेश, असम, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, झारखंड, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, बिहार, मणिपुर, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के जिलाधिकारी शामिल किए गए हैं।
सूची में राजस्थान की आईएएस अधिकारी टीना डाबी, उत्तर प्रदेश के रविन्द्र कुमार और विशाख जी अय्यर, बिहार के वैभव श्रीवास्तव और विवेक रंजन मैत्रेय, झारखंड के मंजूनाथ भजन्त्री, महाराष्ट्र के सौरभ कटियार और हरियाणा की नेहा सिंह जैसे नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा एजीएमयूटी कैडर के अंकित यादव, लक्ष्य सिंघल, मेकला चैतन्य प्रसाद, विशाखा यादव, सलोनी राय और सनी कुमार सिंह को भी इस सूची में स्थान मिला है।
फेम इंडिया के प्रबंध संपादक अनिल सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उन जिलाधिकारियों को सम्मान देना है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी जनहित और बेहतर प्रशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि चयनित अधिकारियों का विस्तृत स्टेकहोल्डर सर्वे किया गया है और विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को फेम इंडिया के विशेष अंक में प्रमुख स्थान दिया जाएगा।
अनिल सिंह के अनुसार यह सूची केवल लोकप्रियता के आधार पर नहीं बल्कि वास्तविक कार्य, प्रशासनिक दक्षता और जनता के बीच सक्रिय भागीदारी को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।









