लोहरदगा, 16 मई।
रेलवे प्रशासन की तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा के तहत डीआरएम करुणा निधि ने लोहरदगा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम सबसे पहले इंस्पेक्शन ट्रेन के माध्यम से कोयल नदी के समीप स्थित पुल तक पहुंचे, जहां उन्होंने पुल मरम्मत कार्य में जुटे कर्मियों से बातचीत कर काम की स्थिति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इसके बाद वे कोयल नदी रेलवे ब्रिज से पैदल चलते हुए सीधे लोहरदगा रेलवे स्टेशन पहुंचे और पूरे परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य पुल मरम्मत कार्य की स्थिति का आकलन करना है।
उन्होंने भरोसा जताया कि बरसात से पहले पुल मरम्मत का कार्य पूरी तरह से दुरुस्त कर लिया जाएगा, जिसके बाद रेल परिचालन की गति में सुधार होगा और ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई जा सकेगी।
डीआरएम ने यह भी बताया कि अमृत भारत योजना के तहत लोहरदगा रेलवे स्टेशन का व्यापक विकास किया गया है और इसके उद्घाटन की प्रक्रिया भी तय की जा रही है, जिसके लिए निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर पूरे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही बताया कि लोहरदगा को हाल ही में दो नई ट्रेनें मिली हैं और आने वाले समय में यहां से और भी ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
डीआरएम ने कहा कि भविष्य में लोहरदगा रेलवे स्टेशन इस क्षेत्र का एक प्रमुख और महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र बनकर उभरेगा। इस दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।










