सिलचर, 16 मई।
असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश, तूफान और भूस्खलन की घटनाओं के बीच सिलचर-बदरपुर रेलखंड को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई है। इस मार्ग पर कुछ स्थानों पर भूस्खलन की सूचना सामने आने के बावजूद रेल सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार बदरपुर-सिलचर रेलखंड पर वर्तमान में बारिश या भूस्खलन के कारण कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ है और सभी ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि सेवाएं पूरी तरह सुचारु हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बदरपुर के निकट पंचग्राम क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास थोड़ी मात्रा में मिट्टी खिसकने की घटना सामने आई थी। हालांकि रेलवे कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया, जिससे रेल संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित बताते हुए रेलवे ने कहा है कि एहतियात के तौर पर संबंधित स्थान पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। प्रशासन ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा है कि इस रेलखंड पर सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समयानुसार चल रही हैं।










