अनूपपुर, 20 अप्रैल
अनूपपुर जिले में आयोजित "नारी शक्ति वंदन" पखवाड़े के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर हुए कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह ने कहा कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सम्मान ही राष्ट्र की वास्तविक समृद्धि का आधार है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जो संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वहीं सुख और समृद्धि का वास होता है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सहित हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नारी शक्ति वंदन की शपथ भी दिलाई।
आत्मनिर्भरता ही सशक्तिकरण का आधार जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। चाहे गृहणी हों या कामकाजी महिलाएं, समाज में उनकी भूमिका अद्वितीय है। उन्होंने आह्वान किया कि नारी शक्ति वंदन का संदेश जिले के हर गाँव तक पहुँचाया जाए।
लघु नाटक और स्कूटी रैली से मिला संदेश कार्यक्रम में एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रेरणादायी नाटक प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने शिक्षा के महत्व और महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को उजागर किया। समापन पर महिलाओं ने स्कूटी रैली निकालकर समाज में स्वावलंबन का सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अनूपपुर बदरा की अध्यक्ष धनमती सिंह, डिप्टी कलेक्टर प्राशी अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी विनोद परस्ते, सहायक संचालक मंजूषा शर्मा, सामाजिक संस्था हार्ड के संचालक सुशील शर्मा, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष मोहन लाल पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।










