सुलतानपुर, 01 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक घायल गौकशी आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई उस समय की गई जब पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इटकौली जंगल के पास घेराबंदी की, लेकिन आरोपी पुलिस को देख कर भागने लगे और उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी अफरोज (28) के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दो अन्य आरोपियों, मोहम्मद गुलफाम उर्फ इमरान और आजाद को भी पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल आरोपी अफरोज को इलाज के लिए सीएचसी जयसिंहपुर भेजा गया। गौरतलब है कि इन आरोपियों को छोड़ने के आरोप में गोसाईगंज थाना अध्यक्ष, एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी को पुलिस अधीक्षक द्वारा निलंबित कर दिया गया था।












