मीरजापुर, 30 मार्च।
छानवे क्षेत्र में सोमवार को मुख्यमंत्री प्रेरणा कार्यक्रम के अंतर्गत तीन नए आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। हलिया ब्लॉक सभागार में आयोजित समारोह में छानवे विधायक रिंकी कोल ने दीप प्रज्ज्वलित कर भिटहा, कनोखर और गोरगी गांवों में बने आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया।
विधायक रिंकी कोल ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं को घर की मुखिया बनाकर सम्मान दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बदलते भारत में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लघु उद्योगों में जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।
खंड विकास अधिकारी विजय शंकर त्रिपाठी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य आकांक्षी विकासखंडों को सशक्त और बेहतर बनाना है। स्मार्टफोन के जरिए पोषण ट्रैकर का उपयोग आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पहचान बन चुका है और उनके कार्यों से उनकी भूमिका स्पष्ट होती है।
सीडीपीओ दिलीप वर्मा ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मातृत्व योजना जैसे कार्यक्रमों से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को बच्चों के समग्र विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव, नरेंद्र काना पुरिया, सीएम फेलो गौरव सिंह, गुलाब पटेल सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।











