मध्य प्रदेश
27 Apr, 2026

देवास में दर्दनाक घटना, जहर खाने के बाद नवजात को गोद में लेकर निकली महिला की मौत

देवास जिले के सुतारपुरा गांव में जहर सेवन के बाद अपनी 15 दिन की नवजात बच्ची को लेकर निकली महिला की रास्ते में हालत बिगड़ने से मौत हो गई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देवास, 27 अप्रैल

देवास जिले के सुतारपुरा (पुंजापुरा) गांव में सोमवार सुबह एक अत्यंत दर्दनाक और संवेदनशील घटना सामने आई, जहां एक महिला ने जहर का सेवन करने के बाद अपनी मात्र 15 दिन की नवजात बेटी को गोद में लेकर घर से निकलने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, कुछ ही दूरी तक, लगभग एक किलोमीटर चलने के बाद महिला सड़क किनारे गिर पड़ी और उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि महिला के पति सुबह एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए खरगोन गए हुए थे। उनके घर से जाने के कुछ समय बाद ही महिला ने यह कदम उठाया और बिना किसी को बताए अपनी नवजात बच्ची को साथ लेकर घर से निकल गई।

घर में मौजूद अन्य परिजनों, खासकर तीन बेटियों ने जब मां को नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की और जानकारी परिजनों तक पहुंचाई गई। तलाश के दौरान महिला सड़क किनारे उल्टी करते हुए मिली, जहां उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। इसके बाद परिजन उसे बागली स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे देवास जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई।

परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं था और पारिवारिक माहौल सामान्य बताया गया है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार में चार बेटियां हैं, जिनमें सबसे छोटी का जन्म मात्र 15 दिन पहले हुआ था और उसका नाम भी अभी तय नहीं किया गया था। घटना के बाद से नवजात बच्ची लगातार रो रही है। परिजनों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले ही महिला का प्रसव गांव के पास जंगल में हुआ था, जब वे महुआ बीनने गए थे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़