कोडरमा, 25 मार्च।
रांची-पटना मुख्य मार्ग के कोडरमा घाटी मेघातरी काली मंडा के समीप बुधवार सुबह दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन सड़क पर पलट गए, जिससे एक ट्रक में लदी दाल सड़क पर बिखर गई और उसे लूटने की होड़ मच गई।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक कोलकाता से करीब 1000 बोरा दाल लोड कर बिहार की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा खाली ट्रक नवादा से कोडरमा की ओर आ रहा था। मेघातरी के काली मंडा के पास चालक एक-दूसरे से चकमा खाने के कारण आमने-सामने टकरा गए। इस दुर्घटना में दाल लदे ट्रक के चालक मुकेश कुमार और उपचालक राहुल कुमार (दोनों छपरा निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि खाली ट्रक के चालक को हल्की चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना के बाद सड़क पर बिखरे लगभग 500 बोरे दाल को स्थानीय लोगों ने लूट लिया। कोडरमा थाना की पीसीआर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू कर लूटे गए दाल की बरामदगी में जुट गई है।






.jpg)





