भोपाल, 19 मई ।
पूर्व मिस पुणे प्रतियोगी और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों और पूर्व सैन्य अधिकारियों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस जांच पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन की घोषणा की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व सेना अधिकारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने कहा कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है, बल्कि यह “अलग प्रकार की मौत” है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच निष्पक्ष रूप से आगे नहीं बढ़ रही है और प्रभावशाली लोगों की मौजूदगी के कारण जांच की दिशा प्रभावित हो रही है, जिससे न्याय प्रक्रिया पर प्रश्न उठ रहे हैं।
ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने मीडिया के सामने भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी बेटी का शव कई दिनों से रखा हुआ है, लेकिन अब तक न्याय की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी पक्ष द्वारा मीडिया में दिए जा रहे बयान जांच को प्रभावित कर सकते हैं, जिस पर रोक लगनी चाहिए।
परिजनों ने घोषणा की है कि कल शौर्य स्मारक से बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर, डीजीपी और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस रैली का उद्देश्य मामले में निष्पक्ष और तेज जांच की मांग को मजबूती से उठाना बताया गया है।
पूर्व सैन्य अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सेना से जुड़े होने का अर्थ यह नहीं है कि किसी को कानून से ऊपर रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और जांच की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष रहनी चाहिए।






.jpg)







