उज्जैन, 21 अप्रैल
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में खदान के गहरे तालाब में नहाने गए किशोरों के साथ बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना नागझिरी थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदिया स्थित खदान की है, जहां सोमवार को सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा और देर रात तक अभियान जारी रखा गया।
जानकारी के अनुसार अशोक नगर और गोपालपुरा क्षेत्र के करीब नौ किशोर खदान में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान लगभग 50 फीट गहरे पानी में जाने से शुभम जाटव और अनस डूब गए। शाम करीब 5 बजे घटना की खबर मिलते ही बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू अभियान में होमगार्ड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। सबसे पहले शुभम जाटव का शव गहराई से बाहर निकाला गया, जबकि दूसरे किशोर अनस का शव देर रात करीब 3 बजे बरामद किया गया। इस दौरान अंडरवाटर रेस्क्यू कैमरे की भी मदद ली गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने बताया कि सभी बच्चे दो दिन पहले खदान पर घूमने और सेल्फी लेने गए थे। इसके बाद वे नहाने के लिए पहुंचे, जहां यह हादसा हो गया। उनका कहना है कि सेल्फी और रील बनाने के दौरान बच्चे खतरनाक क्षेत्र में चले गए, जिससे यह दुखद घटना घटित हुई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना से पहले युवकों द्वारा बनाई गई एक रील भी सामने आई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।








