भोपाल, 24 मार्च।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुदनी स्थित केंद्रीय कृषि यंत्रीकरण एवं परीक्षण प्रशिक्षण संस्थान (सीएफएमटीटी) में आयोजित “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो–2026” में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे किसानों और कृषि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों को जानेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे ने बताया कि केंद्रीय मंत्री चौहान इस दौरान नई अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं उन्नत सुविधाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे तकनीकी सहयोग, कौशल विकास और नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों से युक्त टूलकिट भी वितरित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कार्यक्रम के बाद वे शाम 06:15 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे।
बुदनी में 22 से 24 मार्च 2026 तक चल रहे तीन दिवसीय “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो–2026” का उद्देश्य किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थानों को आधुनिक कृषि तकनीक, यंत्रीकरण और नवाचारों को समझने और अपनाने का प्रभावी मंच प्रदान करना है। एक्सपो में आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक, फसल प्रबंधन, प्रसंस्करण तकनीक और कृषि यंत्रीकरण से जुड़े नवीनतम उपकरणों का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही, किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, तकनीकी नवाचारों और स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।












