बिजनौर, 20 मार्च।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद क्षेत्र के सिकरौड़ा, लाहककला, मोहनपुर और खैरुल्लापुर समेत कई गांवों में बीती रात कुट्टू आटे से बनी पकौड़ी, पूड़ी और अन्य भोजन सामग्री खाने से लगभग 30 लोग बीमार पड़ गए। प्रभावितों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांवों में व्रत के अवसर पर पुरुष, महिलाएं और बच्चे कुट्टू के आटे से बने भोजन का सेवन कर रहे थे। खाने के तुरंत बाद लोगों को उल्टी और फूड प्वाइजनिंग के लक्षण दिखाई दिए। पीड़ितों में जयप्रकाश (45), उनके बेटे रोहित (15) और बेटी प्रीति (19) शामिल हैं। सिकरौड़ा गांव में राजेंद्र सिंह के परिवार के सदस्य, जिनमें पत्नी चंद्रकाली और चार बेटियां, भी बीमार पड़े। इसी प्रकार अन्य ग्रामीण हनी, मनोरमा देवी और उनके बच्चे भी प्रभावित हुए।
पीड़ितों का उपचार ओम चौधरी हॉस्पिटल मंडावली, लाइफलाइन हॉस्पिटल और सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में किया जा रहा है। पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने आटा नजीबाबाद के मोटा आम क्षेत्र के किराना व्यापारी से खरीदा था।
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंडावली थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी जिले में कुट्टू आटे से कई फूड प्वाइजनिंग के मामले सामने आए थे।













