अपराध
16 Apr, 2026

बस में आग के बाद बवाल, छातापुर में 22 लोग हिरासत में

सुपौल के छातापुर में बस में आग लगने के बाद हुए उपद्रव में थाना और सड़क पर तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 22 लोगों को हिरासत में लिया है।

सुपौल, 16 अप्रैल।

जिले के छातापुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बस पड़ाव पर बुधवार शाम देव ट्रैवल्स की बस में आग लगने के बाद उत्पन्न तनाव और उपद्रव के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना के बाद भड़की भीड़ द्वारा थाना परिसर में तोड़फोड़ और सड़क जाम किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में पुलिस ने अब तक 22 लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 5:30 बजे बस पड़ाव पर खड़ी देव ट्रैवल्स की बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस जलकर खाक हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पर्याप्त संसाधनों के अभाव में सफलता नहीं मिल सकी। बाद में करीब 6:20 बजे भीमपुर थाना क्षेत्र से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन देरी से पहुंचने को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया और भीड़ उग्र हो गई।

स्थिति बिगड़ने पर दमकलकर्मी वाहन लेकर छातापुर थाना की ओर लौट गए, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ उनका पीछा करते हुए थाना पहुंच गई। वहां उपद्रवियों ने थाना के बाहर खड़ी पुलिस गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर पलट दिया और एसएच-91 को जाम कर दिया। इसके अलावा सड़क किनारे लगाए गए यातायात पुलिस के बोर्ड को भी नुकसान पहुंचाया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान एक अवर निरीक्षक घायल हो गए, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक थाना परिसर में कैंप कर स्थिति की समीक्षा करते रहे। प्रशासन ने इस प्रकरण में 114 नामजद और ढाई से तीन सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि इन लोगों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, पुलिस पर हमला किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और उपद्रव फैलाया। पुलिस ने अब तक 22 आरोपितों को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़