लखनऊ, 02 मई।
भाकपा (माले) ने वाणिज्यिक और पांच किलो वाले छोटू सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी वृद्धि की आलोचना की है और इसे महंगाई बढ़ाने वाला कदम बताया है। पार्टी ने इस मूल्यवृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग की है। माले ने कहा कि हाल ही में ईरान युद्ध के बाद घरेलू सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई गई थीं और अब यदि पेट्रोल-डीजल तथा घरेलू सिलेंडर की कीमतों में फिर से वृद्धि का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है, तो यह जनविरोधी फैसला होगा और इसे निरस्त किया जाना चाहिए।
माले के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि सरकार का यह तर्क अस्वीकार्य है कि वाणिज्यिक और छोटू सिलेंडरों के महंगे होने से आम आदमी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। शहरी मजदूरों, दैनिक मेहनत करने वालों, और गरीब वर्ग की बड़ी संख्या रेहड़ी पटरी, ठेले, खोमचे, सड़क किनारे भोजन की सामग्री बेचने वाले दुकानों, छोटे होटलों से खाना और खाद्य सामग्री प्राप्त करती है। इसके अलावा, कई उत्पाद जो आम घरों में उपयोग होते हैं, उद्योगों में वाणिज्यिक सिलेंडरों का उपयोग करते हैं। छोटू सिलेंडर भी गरीब परिवारों और छात्रों द्वारा इस्तेमाल किए जाते हैं। इन सिलेंडरों की कीमत बढ़ने से यह सभी वर्ग प्रभावित होंगे।











