उत्तर प्रदेश
24 Apr, 2026

जौनपुर में गैस चोरी का बड़ा खुलासा, 50 सिलेंडर और उपकरण बरामद

जौनपुर के जफराबाद क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ करते हुए पूर्ति विभाग ने 50 सिलेंडर और उपकरण बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।

जौनपुर, 24 अप्रैल।

जौनपुर जनपद के जफराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर भड़सरा में शुक्रवार को जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान दो पिकअप वाहनों में लदे 50 घरेलू गैस सिलेंडर तथा रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए, साथ ही दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

सूत्रों के अनुसार जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही को सूचना मिली थी कि स्वर्गीय चंद्रेश सिंह के आम के बाग में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा है। इसी आधार पर पूर्ति निरीक्षक सिरकोनी अर्चना सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, योगेंद्र यादव और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी योगेंद्र कुमार की टीम ने मौके पर दबिश दी।

टीम के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से फरार हो गए। जांच में बाग के भीतर खड़ी दो मैजिक गाड़ियों के पास इंडेन कंपनी के बड़ी संख्या में घरेलू सिलेंडर पाए गए। वहीं ‘बांसुरी’ नामक रिफिलिंग यंत्र के जरिए एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस चोरी की जा रही थी।

मौके से पकड़े गए दोनों चालकों की पहचान प्रवीण निवासी इटौरी बाजार (थाना सरायख्वाजा) और सत्येन्द्र कुमार निवासी गोधना (थाना लाइन बाजार) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे गैस गोदाम से सिलेंडर लाकर बाग में अवैध तरीके से रिफिलिंग का कार्य करते थे।

जांच के दौरान कई सिलेंडरों में एक से तीन किलोग्राम तक गैस कम पाई गई। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक सिरकोनी अर्चना सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया।

पूर्ति विभाग की टीम ने सभी सिलेंडर और वाहनों को कब्जे में ले लिया है तथा मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़