वाराणसी, 24 अप्रैल।
वाराणसी जनपद के रामनगर स्थित प्रांतीय सशस्त्र बल के दीक्षांत समारोह को लेकर शुक्रवार को पीएसी ग्राउंड में भव्य ग्रैंड परेड की रिहर्सल आयोजित की गई। यह अभ्यास आगामी 26 अप्रैल को होने वाले प्रस्तावित मुख्य समारोह की तैयारियों के तहत कराया गया।
इस रिहर्सल का संचालन और अध्यक्षता सेनानायक आईपीएस डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने की, जिसमें परेड की विभिन्न तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मुख्य दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके आरक्षियों को शपथ दिलाई जाएगी, वहीं वाराणसी पुलिस लाइन में 491 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड भी इसी दिन आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करेंगे।
लगभग नौ माह के प्रशिक्षण के दौरान महिला आरक्षियों को शारीरिक प्रशिक्षण, कानून की जानकारी, साइबर अपराध, फॉरेंसिक विज्ञान, दंगा नियंत्रण तकनीक और सॉफ्ट स्किल जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया गया है।
इसके अलावा मिशन शक्ति, पिंक बूथ व्यवस्था और हेल्पलाइन नंबर 1090 जैसी सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था में दक्ष बनाया गया है। अब ये प्रशिक्षित महिला कांस्टेबल सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगी।
महिला आरक्षियों को हथियार संचालन, कानून की बारीकियों, दंगा नियंत्रण और व्यवहारिक कौशल में भी पूरी तरह प्रशिक्षित किया गया है।










