वाराणसी, 24 अप्रैल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय वाराणसी प्रवास को लेकर तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और पूरे कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक रूप से कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित विशाल महिला जनसभा की तैयारी के लिए शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
इस बैठक में शामिल होने के लिए भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी दोपहर में सर्किट हाउस पहुंच गए। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पार्टी संगठन में सक्रियता देखने को मिली।
इससे पूर्व बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने किया।
एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में वाराणसी जिलाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, शैलेंद्र किशोर पांडेय, पवन सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, लाल बहादुर सिंह, वरुण कुमार सिंह, रवि प्रकाश सिंह तथा प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को बनारस लोकोमोटिव वर्क्स परिसर में आयोजित विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में करीब पचास हजार महिलाओं की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी सम्मेलन की सफलता, सुरक्षा व्यवस्था और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर बैठक में रणनीति तय की जा रही है, जिसमें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री उसी दिन काशी में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान उनका रात्रि विश्राम भी वाराणसी में निर्धारित है।
इसके बाद 29 अप्रैल की सुबह प्रधानमंत्री तिब्बती संस्थान रिंपा सेंगपा अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और फिर हरदोई में गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।



.jpg)






