उत्तर प्रदेश
24 Apr, 2026

हाथरस थाने में बंद युवक ने लगाई फांसी, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

हाथरस के चंदपा थाने में बंद युवक ने शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद पुलिस ने थाना प्रभारी और सिपाही को निलंबित कर जांच शुरू कर दी।

हाथरस, 24 अप्रैल। 

हाथरस जनपद की कोतवाली चंदपा में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब थाने की हवालात में बंद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, युवक को एक दिन पहले ही एक किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर घर से बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने की हवालात में रखा गया था।

रात के समय युवक ने शौचालय जाने की बात कही, जिस पर ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे शौचालय तक लेकर गए। लगभग पंद्रह मिनट तक जब वह बाहर नहीं आया तो पुलिसकर्मियों को आशंका हुई। अंदर जाकर देखने पर युवक रोशनदान से अंगोछे के सहारे लटका मिला।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुरुवार को गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से चंद्रपाल नामक युवक को गिरफ्तार किया गया था और उसके साथ किशोरी को भी बरामद किया गया था। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर में भेज दिया गया था, जबकि युवक को थाने की हवालात में रखा गया था।

रात लगभग नौ बजकर पचास मिनट पर युवक ने शौच जाने की बात कही थी, जिसके बाद उसे पुलिसकर्मी शौचालय लेकर गया था। कुछ समय बाद जब वह बाहर नहीं आया तो शक होने पर जांच की गई, जिसमें वह फंदे से लटका मिला।

घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के कुछ ही मिनटों बाद उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच एक वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी गई है और थाने के सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले लिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़