झांसी, 25 अप्रैल
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह मामला शुक्रवार रात का है, जब पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम सिंह नामक व्यक्ति ने अपनी तीन वर्षीय बेटे की हत्या करने के बाद खुद को फांसी पर लटका लिया।
ग्राम ढीमरपुरा निवासी प्रेम सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। रात के करीब तीन बजे प्रेम सिंह की पत्नी को कुछ आहट महसूस हुई। उसने संदेह होने पर कमरे के जंगले से अंदर झांककर देखा, तो उसके होश उड़ गए। अंदर प्रेम सिंह का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसका मासूम बेटा खून से सना हुआ जमीन पर मृत पड़ा था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में पता चला कि प्रेम सिंह ने पहले अपने बेटे की चाकू से हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए हैं, लेकिन अभी तक इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और पारिवारिक परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।









