वाराणसी, 26 मार्च 2026।
वाराणसी के दुर्गाकुंड क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर में नवरात्र के अष्टमी पर्व पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लाल चुनरी, नारियल और अड़हुल माला लेकर श्रद्धालु मंदिर में दर्शन पूजन करने पहुंचे और मां दुर्गा के प्रति अपनी भक्ति प्रकट की।
मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं ने नौ देवियों के भी दर्शन किए और हवन कुंड में हवन कर शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना की। इस दौरान भक्तजन अपनी श्रद्धा और भक्ति भाव से वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भरते नजर आए।
मंदिर के महंत परिवार के पशुपतिनाथ दुबे ने बताया कि नवरात्र के अष्टमी पर्व पर मां दुर्गा की स्तुति और पूजा की जाती है। मां दुर्गा शक्ति और सौभाग्य देने वाली हैं, और अष्टमी पर पूजा करने से सर्वशक्ति की प्राप्ति होती है। उदया तिथि के कारण सभी श्रद्धालुओं ने आज अष्टमी का व्रत रखा और सुबह से ही दर्शन पूजन कर रहे हैं।
भक्तों की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में सुरक्षा टोली तैनात है। इस वर्ष मंदिर प्रांगण में फोटो खींचने की अनुमति नहीं दी गई है, ताकि पूजा का माहौल शांति और भक्ति से पूर्ण रहे।












