अशोकनगर, 20 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के अशोकनगर में सोमवार को राजनीति से हटकर मानवता का एक प्रेरक चेहरा सामने आया। स्थानीय विधायक इंजीनियर हरिबाबू राय ने एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों की जान बचाकर संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की। उनके इस निस्वार्थ प्रयास ने न केवल घायलों को समय पर उपचार दिलाया, बल्कि समाज के प्रति एक सच्चे जनप्रतिनिधि के कर्तव्य को भी जीवंत कर दिया।
घटनाक्रम के अनुसार, विधायक हरिबाबू राय म्याना क्षेत्र से अशोकनगर वापस आ रहे थे। इसी दौरान नईसराय बिसौर के पास उनकी नजर एक सड़क हादसे पर पड़ी, जहां दो व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में किनारे पड़े हुए दर्द से कराह रहे थे। दुर्घटनास्थल पर लोगों का मजमा तो लगा था, परंतु कोई भी घायलों की सहायता के लिए आगे नहीं आ रहा था और वे मदद की राह देख रहे थे।
जैसे ही विधायक की नजर इन घायलों पर पड़ी, उन्होंने तत्काल अपने काफिले को रुकवाया। विधायक ने बिना समय गंवाए वाहन से उतरकर घायलों के पास पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने तुरंत 100 नंबर डायल कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया। अपनी सक्रियता दिखाते हुए उन्होंने घायलों को सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की, ताकि उनका इलाज प्रारंभ हो सके।
विधायक हरिबाबू राय के इस मानवीय दृष्टिकोण की पूरे अंचल में जमकर सराहना की जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक जनसेवक का अपनी जनता के प्रति ऐसा गहरा लगाव और सेवा भाव यह दर्शाता है कि वे पद की गरिमा के साथ-साथ मानवता को सर्वोपरि मानते हैं। उनका यह कदम क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बन गया है।










