गुरुग्राम, 20 मार्च।
कार्यस्थल पर तनाव कम करने और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को लघु सचिवालय में वाई ब्रेक के दौरान योग सत्र का आयोजन किया गया। आयुष विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का लक्ष्य अधिकारियों और कर्मचारियों को दैनिक काम के बीच मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखना था।
सत्र के दौरान योग प्रशिक्षक अजीत ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को कुर्सी पर बैठकर किए जाने वाले आसान योग अभ्यास कराए। इसमें गर्दन, कंधों और पीठ के व्यायाम शामिल थे, जो लंबे समय तक बैठकर काम करने से होने वाली थकान और दर्द को कम करने में सहायक हैं। इसके साथ ही ताड़ासन और अन्य सरल योगासनों का अभ्यास कराया गया, जिससे शरीर में लचीलापन बना रहे और रक्त संचार सही ढंग से हो सके।
कार्यक्रम में यह भी समझाया गया कि नियमित रूप से छोटे वाई ब्रेक लेने से मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और कार्य की गुणवत्ता में सुधार आता है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना की और इसे नियमित अपनाने की इच्छा जताई। इस अवसर पर एसडीएम परमजीत चहल, संयुक्त आयुक्त विशाल, सीटीएम सपना यादव, डीआरओ विजय यादव, एसीपी सुशीला, डीडीपीओ नवनीत कौर और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।












