सिरसा, 25 मार्च।
खंड रानियां के गांव दारेवाला में जिला प्रशासन द्वारा राजकीय प्राथमिक पाठशाला में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने गांव दारेवाला और आसपास के क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त और अन्य अधिकारियों ने स्कूल प्रांगण में पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कई मुद्दों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे का आश्वासन दिया गया। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण भी किया।
एडीसी वीरेंद्र सहरावत ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि ग्रामीण स्तर पर ही समस्याओं का समाधान किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में ध्यान देने की सलाह दी, ताकि समाज स्वस्थ और मजबूत बने।
कार्यक्रम में बिजली निगम, क्रिड, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय, पंचायत विभाग, राजस्व विभाग, जिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, बागवानी विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुष विभाग, वन विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विभाग ने किसानों को फसल विविधीकरण, कीटनाशकों के संतुलित प्रयोग, पराली प्रबंधन और अन्य तकनीकी जानकारियां दी। इस अवसर पर एसडीएम ऐलनाबाद पारस भागोरिया, जिला परिषद सीईओ डा. सुभाष चंद्र, डीएसपी आदर्शदीप सिंह, डीडीपीओ बलजीत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।












