कोलकाता, 27 अप्रैल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक गतिविधियां चरम पर पहुंच गईं, जहां सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हुगली जिले के प्रसिद्ध तारकेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
इससे पहले उन्होंने कल्याणी क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अनुपम विश्वास के समर्थन में रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की मौजूदा तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए तीखे हमले किए।
उन्होंने कहा कि राज्य में स्थिति ऐसी है कि तृणमूल सरकार परंपरागत रूप से तुष्टीकरण की नीति अपनाती है, जबकि कई मौकों पर हिंदू त्योहारों से पहले प्रतिबंध जैसी स्थितियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि लव जिहाद और भूमि से जुड़े विवाद जैसे मुद्दों पर सरकार मौन रहती है, जिससे हालात और गंभीर होते जाते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले वहां भी इसी प्रकार की परिस्थितियां थीं, जहां अराजकता, माफिया का प्रभाव और समानांतर सत्ता जैसी स्थिति बनी हुई थी। त्योहारों से पहले तनाव और दंगों की घटनाएं भी होती थीं।
उन्होंने कहा कि 2017 के बाद वहां सरकार परिवर्तन के साथ कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ, अराजकता और दंगे समाप्त हुए तथा माफिया पर सख्त नियंत्रण स्थापित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि अब कोई भी माफिया व्यापारियों को धमकाने का साहस नहीं कर पाता और अगर ऐसा होता है तो कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने आगे दावा किया कि यदि पश्चिम बंगाल में भी ऐसी सरकार बनती है तो राज्य में असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की दादागिरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










